उत्तराखण्ड

कुलाधिपति की सहमति पर कुलपति ने दिए समारोह की तैयारी के निर्देश

खबर शेयर करें -

पंत विवि: 35वां दीक्षांत समारोह 17 नवंबर को, राष्ट्रपति मुर्मू देंगी दीक्षा

जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय का 35वां दीक्षांत समारोह आगामी 17 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल एवं विवि के कुलाधिपति लेफ्टि. जन. (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह की संस्तुति के बाद कुलपति डाॅ. एमएस चैहान ने संबंधित अधिकारियों को इस आशय की जानकारी देते हुए दीक्षांत समारोह से संबंधित सभी कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। विवि के 35वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को दीक्षा देने के लिए बतौर मुख्य अतिथि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पहुंचने की प्रबल संभावना है। समारोह में लगभग 1250 विद्यार्थियों को उपाधियों सहित एक विद्यार्थी को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 11 विद्यार्थियों को कुलपति स्वर्ण पदक, 11 विद्यार्थियों को कुलपति रजत पदक व 11 विद्यार्थियों को कुलपति कांस्य पदक प्रदान किए जाएंगे। साथ ही बेस्ट स्टूडेंट सहित विभिन्न अवार्ड भी प्रदान किए जाएंगे। बता दें कि देश के पहले कृषि विवि के रूप में उत्तर प्रदेश कृषि विवि की स्थापना हुई और देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने 17 नवंबर 1960 को इसे देश को समर्पित किया। जिसका 1972 में नाम बदल कर तत्कालीन गृहमंत्री पं. गोविंद बल्लभ पंत के नाम पर गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय रखा गया। विवि का पहला दीक्षांत समारोह 16 नवंबर 1963 को आयोजित किया गया था। जिसमें तत्कालीन कुलपति डाॅ. केएपी स्टीवेंसन के बुलावे पर बतौर मुख्य अतिथि पंतनगर पहुंचे भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने 82 छात्रों को उपाधियां प्रदान की थीं। उस दौरान विवि में मात्र कृषि, पशु चिकित्सा विज्ञान और विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय ही हुआ करते थे। जिनमें छात्रों की कुल संख्या 342 थी। इसके बाद समय-समय पर दीक्षांत समारोह आयोजित कर छात्रों को उपाधियों प्रदान की जाती रहीं और अब तक इस विवि से उपाधियां लेकर निकले 55 हजार से अधिक छात्र देश विदेश में पंतनगर विवि का नाम रोशन कर रहे हैं।