उत्तराखण्ड

शांतिपुरी जवाहरनगर चंदोला कॉलोनी में 20 सालों से नहीं सुधरी जलभराव की समस्या

खबर शेयर करें -

शांतिपुरी।    शांतिपुरी क्षेत्र जवाहरनगर चंदोला कॉलोनी में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट के निर्देशों के बावजूद पिछले 20 वर्षों से जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है। जिससे यहां के 50 से अधिक परिवार पूरी तरह से प्रभावित हैं। बीते दिनों हुई भारी बरसात से शांतिपुरी के ग्राम जवाहरनगर स्थित चंदोला कॉलोनी में भारी जलभराव होने से वहां के 50 से अधिक परिवार बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। बीते एक वर्ष पूर्व ग्रामीणों के आग्रह पर जलभराव की समस्या को देखने केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने दस्वयं मौके पर पहुंच कर उन्हें समस्या के त्वरित निदान का भरोसा दिया। उन्होंने इसके लिए मण्डी समिति के अधिकारियों को भी नाली निकाश कर जलभराव से ग्रामीणों को निजात दिलाने के निर्देश दिये थे। इधर ग्रामीणों का आरोप है कि कॉलोनी में जलभराव लोगों द्वारा सड़क किनारे बनी सरकारी नालियों को बंद करने तथा अवैध अतिक्रमण कर सड़क किनारे बनी नाली की जगह को घेरने के कारण से हुआ है। बताया कि गांव से अवैध अतिक्रमण को हटाने तथा कॉलोनी के जल निकासी को दुरुस्त करने के संबंध में उन्होंने उच्चाधिकारियों को कई बार लिखित रूप से दे दिया है। बावजूद इसके उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आलम यह है कि कॉलोनी में निवास करने वाले करीब 50 से अधिक किसानों एवं ग्रामीणों की फसल एवं मकानों को जलभराव से भारी नुकसान हो रहा है।

इनसेट-1

चंदोला कालोनी में अवैध अतिक्रमण की वजह से बीस वर्षों से जलभराव की विकट समस्या बनी है। विगत वर्ष केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने स्वयं मौका मुआयना कर मण्डी समिति के अधिकारियों को जल निकासी के आदेश दिये थे। परंतु एक वर्ष बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।

बिशन सिंह मेहरा स्वतंत्रता सेनानी आश्रित।

इनसेट-2

कालोनी में अभी तक पक्की सड़क नहीं थी। लेकिन अब विधायक तिलकराज बेहड़ की निधि से सड़क का निर्माण शुरू हुआ है। लेकिन जबतक जल निकाशी नहीं होती ना तो सड़क सही से बन पायेगी और ना ही वह ज्यादा दिनों तक टिक पायेगी।   

हेम सिंह नेगी कांग्रेसी नेता। 

इनसेट-3 

जवाहरनगर चंदोला कालोनी में जलभराव की समस्या अवैध अतिक्रमण के कारण हूई है जिसे जल्द तुड़वाया जायेगा। नाली खुदवाने तथा जमा पानी की स्थायी निकासी हेतु शासन में बजट प्रस्ताव भेजा जा रहा है।

कौस्तुभ मिश्रा एसडीएम किच्छा।

फोटो – जवाहरनगर में खेतों व गलियों जलभराव से परेशान ग्रामीण।