उत्तराखण्ड

शांतिपुरी महिला ने कराया दहेज उत्पीड़न व मारपीट का केस दर्ज

खबर शेयर करें -

गोलगेट पंत विहार कॉलोनी जवाहरनगर निवासी एक महिला ने अपने रूड़की निवासी ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट करने तथा जान से मारने की नीयत से फिनाइल पिलाने के आरोप लगाया हैं। मामले में पंतनगर थाना पुलिस ने अरोपी पति शोभित व सास सुनीता देवी सहित एक अन्य महिला रेनू के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 328, 498ए, 504 व 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है।

          गोलगेट पंत विहार कालोनी जवाहरनगर निवासी रूपा ने एसएसपी और महिला हेल्पलाइन में की गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उसका विवाह 24 फरवरी 2011 को रूडकी में शोभित पुत्र सत्यपाल सिंह के साथ हिंदू रीति रिवाज के साथ हुआ। विवाह में उसके मायके वालों ने अपनी हैसियत से अधिक उपहार, स्त्रीधन, जेंवरात, सभी घरेलु सामान व बाइक आदि देकर विदा किया था। आरोप है कि उसके पति व ससुराल वाले विवाह के बाद से ही कम दहेज लाने का ताना देते हुए उससे एक कार और दो लाख रूपये नकद की मांग कर रहे हैं। साथ ही उसका शारीरिक व मानसिक शोषण करते हुए उसके जेवरात विवाह के अगले दिन ही अपने कब्जे में कर लिए। वह यह सोचकर बर्दाश्त करती रही कि समय आने पर सबके व्यवहार में बदलाव आ जाएगा। जबकि उसका पति व सास उसके साथ और अधिक क्रूर होकर लात घूसों व बेल्ट से मारते हुए घर से निकाल देते और कई बार उसको जान से मारने का प्रयास भी किया। मायके वालो की ओर से काफी पंचायते करने पर बमुश्किल ले जाते थे। उसके पति व ससुराल वालों ने धीरे-धीरे घर की वस्तुएं इस्तेमाल करने, घर से बाहर निकलने, पड़ोसियों व मायके वालो से बातचीत करने व मायके आने जाने पर भी रोक लगा दी। इसी दौरान 2017 में उसने एक पुत्र को जन्म दिया। फिर भी पति व ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला। इसके बाद उसके देवर मोहित का 24.10.2022 और ससुर का 14.01.2023 को देहांत हो गया। इसके लिए उसके पति व सास उसको डायन व चुडैल कहते हुए दोनो को खा जाने का दोषी ठहराने लगे। इसी बीच उसके पति की लक्ष्मी विहार कालोनी रूड़की निवासी शक्ति पुरी की पत्नी रेनू के साथ मित्रता हो गई और वह सास व पति की शह पर उसके ससुराल में आकर रहने लगी। जब उसने इसका विरोध किया तो सास व पति उसका और अधिक शोषण करने लगे। 30.05.2023 को सास के भड़काने पर उसके पति ने उसे रात में बुरी तरह से बेल्ट से मारते-2 बेहोश कर दिया और उसके मायके वालो को बुलाकर मात्र एक जोड़ी कपड़ों में उनके साथ घर भेज दिया। उसके ससुराल वालो ने पंचायत की तो 03.06.2023 को उसके पिता उसे उसकी ससुराल छोड़ गए। 10.06.2023 को सुबह नौ बजे उसे जान से मारने की नीयत से जबरन फिनाइल पिला दिया। जिससे वह किसी तरह बच गई। 15.06.2023 को दिन में दो बजे उसके पति ने उसे डंडों व लात घूसों से मारा पीटा। जिससे उसका हाथ टूट गया और वह बेहोश हो गई। तब उसके पिता व भाई उसे अपने घर जवाहरनगर ले आए। 29.06.2023 को उसके पिता उसकी ससुराल में छोड़कर चले गए। लेकिन फिर से 02.07.2023 को उसके पति, सास व रेनू ने उसके साथ काफी मारपीट की। जब वह अपने बच्चे को लेकर रिपोर्ट लिखाने थाने जाने लगी, तो उसके पति ने उसे व उसके पुत्र को जाने से मारने की धमकी देते हुए जबरन कार में बैठाकर उसके मायके छोड़ गया। कहा कि अब तुम इन्हें हमारे यहां मत भेजना, तलाक के पेपर भेज दूंगा और चुपचाप मुझे तलाक दे दो। धमकी दी की अब की बार रूपा रूड़की आई तो उन्हें उसकी लाश भी नहीं मिलेगी।