Uncategorized

जवाहरनगर में घुसा विशालकाय मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत माहौल

खबर शेयर करें -

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जवाहरनगर की निरंकारी कॉलोनी में बहादुरी का परिचय देते हुए ग्रामीणों ने देर रात को खतरनाक मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर वन विभाग को सौंप दिया है। सोमवार दे रात करीब 10 बजे स्थानीय पहा नदी से एक मगरमच्छ अचानक बस्ती की ओर आ गया। जिससे वहां पूरी कॉलोनी में हड़कंप मच गया। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता मोहन चंद्र पांडे ने रेस्क्यू एक्सपर्ट सुरेंद्र कार्की व वन विभाग को तुरंत मौके पर बुला लिया।

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर वन कर्मियों को सौंप दिया है। सामाजिक कार्यकर्ता पांडे ने बताया कि नदी से मगरमच्छ लगातार कॉलोनी में प्रवेश कर लोगों पर जानलेवा हमला कर रहे हैं। ग्रामीण कुंदन अधिकारी, मोहन पाण्डेय, मुन्ना वर्मा, शंकर जोशी, विशाल बोरा, कपिल धोनी, राजू बसेड़ा, निर्मल डिमरी, उमेश डिमरी, मनोज डिमरी, भुवन डिमरी, राहुल अधिकारी, बहादुर सिंह नेगी, रमेश जोशी, जगत बिष्ट, शुभाष जोशी, कपिल बोरा, संजू पटवाल आदि ने वन विभाग पर आरोप लगाया है कि ग्रामीणों के बार-बार शिकायत करने के बावजूद वन विभाग इसे अनदेखा कर रहा है। उन्होंने कहा कि नदी में अभी भी करीब आधा दर्जन खतरनाक मगरमच्छ मौजूद हैं। जो स्थानीय ग्रामीणों का कई बार हमलावर हो कर पीछा कर चुके हैं। जबकि सूचना के बावजूद वन कर्मी मात्र स्थानीय भ्रमण कर वापस लौट जाते हैं। जिससे ग्रामीणों में भय बना हुआ है और उन्होंने नदी से ऐसे सभी खतरनाक मगरमच्छों का जल्द से जल्द रेस्क्यू कर उन्हें दूर अन्यत्र छोड़ने की मांग की है।